Blog

मितानिन दिवस पर नौघटा में सरपंच संगीता पटेल ने मितानिनों का किया सम्मान, ग्रामीणों की रही उपस्थिति

नौघटा। मितानिन दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत नौघटा में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मितानिनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत की सरपंच संगीता विरेंद्र पटेल ने गांव की मितानिनों को सम्मानित कर उनके सेवा, समर्पण एवं योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नौघटा के सभी पंचगण उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। सम्मानित होने वाली मितानिनों में चंद्रमा महंत, जशोवंती पटेल एवं हीरामती डनसेना शामिल रहीं।

मितानिनें ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने, गर्भवती महिलाओं को मार्गदर्शन देने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल, टीकाकरण तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में इनका योगदान सराहनीय रहता है।

इस अवसर पर सरपंच संगीता विरेंद्र पटेल ने मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में मितानिनों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उनके सेवाभाव और मेहनत के प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम सम्मान और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button