सारंगढ़ बिलाईगढ़

बिग ब्रेकिंग: मंत्री दयालदास बघेल के सारंगढ़ आगमन पर भाजपा नेताओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच नोकझोंक

मंत्री से मुलाकात के दौरान कथित बदसलूकी को लेकर कार्यकर्ताओं में आक्रोश, रेस्ट हाउस के गेट पर धरने पर बैठे भाजपा नेता हरिनाथ खूंटे

सारंगढ़। कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल के सारंगढ़ आगमन के दौरान रेस्ट हाउस में उस समय स्थिति गरमा गई, जब कुछ भाजपा नेताओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच कथित तौर पर नोकझोंक हो गई। मंत्री से मुलाकात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात एक सुरक्षा कर्मी द्वारा कथित बदसलूकी किए जाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई।



जानकारी के अनुसार, बरमकेला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा से संकल्प’ के 25 वर्ष के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय बैठक में शामिल होने के लिए कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल का आगमन हुआ था। इसी दौरान सारंगढ़ के रेस्ट हाउस में मंत्री से मुलाकात के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हुई।

बताया जा रहा है कि घटना से नाराज भाजपा नेता एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री हरिनाथ खूंटे अपने साथियों के साथ रेस्ट हाउस के गेट के बाहर बैठ गए और धरना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी पहुंचे।

माफी के बाद शांत हुआ मामला

मामले को बढ़ता देख भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल सहित अन्य नेताओं ने दोनों पक्षों के बीच सामंजस्य बैठाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत के बाद संबंधित सुरक्षा कर्मी द्वारा माफी मांगने की बात सामने आई, जिसके बाद मामला शांत हुआ और धरना समाप्त किया गया।

घटना के दौरान रेस्ट हाउस परिसर में कुछ समय के लिए गहमागहमी का माहौल बना रहा। हालांकि बाद में भाजपा नेताओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों के बीच बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

मंत्री के आगमन के दौरान हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से किसी औपचारिक शिकायत की जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना का वीडियो अथवा आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button