बरमकेला सभी ग्राम पंचायतों में चावल महोत्सव के साथ रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन

बरमकेला। जनपद पंचायत बरमकेला की समस्त ग्राम पंचायतों में 7 सितंबर 2026 को चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया । इस संबंध में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी के मार्गदर्शन में तैयारियां की गई। जनपद पंचायत बरमकेला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिक्षा शर्मा ने ग्राम खिचरी में महिलाओं एवं ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के संबंध में जागरूक किया।
कार्यक्रम में PMAY-G एवं VB-G RAM G से संबंधित लंबित समस्याओं का ग्राम पंचायत, विकासखंड एवं जिला स्तर पर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों के QR code स्कैन कराया गया । प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, हितग्राहियों को समय पर राशि हस्तांतरित करने तथा जियो-टैगिंग के लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।
VB-G RAM G के प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा मांग एवं ग्रामसभा प्रस्ताव के आधार पर नए कार्य प्रारंभ करने पर चर्चा हुई । मेरी बेटी, मेरा अभिमान अभियान के तहत शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण, आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने , जल संरक्षण जैसे कार्यों और रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।




