
बरमकेला। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला ब्लॉक मुख्यालय में स्थित शासकीय (रेस्ट हाउस) वर्षों से बदहाल स्थिति में है। भवन की जर्जर हालत के कारण यह अब अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य सरकारी मेहमानों के ठहरने के लिए भी उपयुक्त नहीं रह गया है। विशेषकर बारिश के मौसम में छत से पानी टपकने, दीवारों में सीलन, टूटे-फूटे कमरों तथा आवश्यक सुविधाओं के अभाव के कारण यहां ठहरना मुश्किल हो जाता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निरीक्षण कुटीर की मरम्मत अथवा नए भवन के निर्माण की मांग को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद आज तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे क्षेत्रवासियों में निराशा और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।
बरमकेला ब्लॉक मुख्यालय होने के कारण यहां विभिन्न शासकीय बैठकों, निरीक्षणों एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों और अतिथियों का लगातार आगमन होता है। ऐसे में एक आधुनिक एवं सुविधायुक्त रेस्ट हाउस की आवश्यकता लंबे समय जरूरत है । स्थानीय लोगों का मानना है कि नए निरीक्षण कुटीर के निर्माण से न केवल सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्र की गरिमा और विकास को भी नई पहचान मिलेगी।

अब क्षेत्रवासियों की निगाहें शासन और प्रशासन पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि बरमकेला को जल्द से जल्द एक नए और आधुनिक निरीक्षण कुटीर की सौगात मिलनी चाहिए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।



