भाजपा जिलाध्यक्ष के इस्तीफे की खबर से मची हलचल, ज्योतिलाल पटेल ने बताया फेक न्यूज

वायरल त्यागपत्र पत्र से जिले की राजनीति गरमाई, संगठन के भीतर खींचतान और प्रत्याशी चयन को लेकर लगाए गए आरोपों से बढ़ी चर्चाएं
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले की भाजपा राजनीति में जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल के कथित इस्तीफे को लेकर उस समय हलचल मच गई, जब सोशल मीडिया पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के नाम संबोधित एक त्यागपत्र पत्र तेजी से वायरल होने लगा। वायरल पत्र में संगठन की कार्यप्रणाली, नेताओं के बीच कथित खींचतान और आगामी नगरीय निकाय चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर नाराजगी जताई गई है। हालांकि, ज्योतिलाल पटेल ने स्वयं सामने आकर इस्तीफे की खबर को पूरी तरह फेक न्यूज बताया है।
फोन पर चर्चा के दौरान ज्योतिलाल पटेल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई इस्तीफा नहीं दिया है। उनके इस खंडन के बाद वायरल पत्र की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
### वायरल पत्र में मंत्री और संगठन पदाधिकारी पर आरोप
कथित इस्तीफा पत्र में जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सरकार की छवि प्रभावित होने और जिले में संगठन कमजोर होने का उल्लेख किया गया है। वहीं जिला महामंत्री अमित तिवारी पर संगठन को अपने अनुसार संचालित करने तथा आगामी सारंगढ़ नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष एवं पार्षद प्रत्याशियों के चयन को लेकर कथित दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।





