GamesWorld

बल्लेबाजों के बल्ले पर ICC की नजर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लागू हो सकता है IPL वाला नियम

   नई दिल्ली
इंटरनेशनल क्रिकेट में अब बल्लेबाजों के बल्लों के आकार पर मैच अधिकारियों की नजरें रहेंगी. ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) मैदान पर मेटल गेज के जरिए बल्लों की औचक जांच की व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है. यह नियम IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) में अपनाए गए सिस्टम के आधार पर बनाया गया है। 

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सौरव गांगुली की अगुवाई वाली क्रिकेट समिति ने आईसीसी को यह सुझाव दिया था. बाली में हाल ही में हुई बैठकों के दौरान आईसीसी की मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की समिति (CEC) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। 

बल्ले को लेकर क्या है नियम?
MCC (मेरिलबोन क्रिकेट क्लब) के क्रिकेट नियमों के अनुसार, बल्ले के किनारों की मोटाई 1.56 इंच से ज्यादा नहीं हो सकती. इसकी अधिकतम गहराई 2.64 इंच और चौड़ाई 4.25 इंच तय की गई है. आईसीसी के नियमों में इन मानकों की जांच के लिए विशेष गेज का प्रावधान पहले से मौजूद है, लेकिन मैदान पर अचानक जांच की व्यवस्था नहीं थी। 

आईपीएल में अंपायर मैदान पर मेटल गेज रखते हैं और बल्लेबाजी के लिए उतरने वाले खिलाड़ी के बल्ले की जांच करते हैं. हर पारी से पहले चौथे अंपायर दोनों ओपनर्स के बल्लों को भी जांचता है. निर्धारित आकार से बड़ा पाया जाने वाला बल्ला इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. रिप्लेसमेंट के तौर पर लाए गए बल्ले पर भी यही नियम लागू होता है। 

इस व्यवस्था से पहले आईपीएल में मैच से एक दिन पहले बल्लों की जांच की जाती थी. ऐसे में खिलाड़ी मैच के दौरान कोई दूसरा बल्ला इस्तेमाल कर सकते थे, जिसकी जांच नहीं हुई होती थी. नए सिस्टम ने इस गुंजाइश को खत्म कर दिया। 

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 2018 में सबसे पहले मैदान पर बल्लों की औचक जांच शुरू की थी. अब आईसीसी भी इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनाने जा रहा है. हालांकि, आईपीएल में गलत आकार का बल्ला इस्तेमाल करने पर कोई अतिरिक्त जुर्माना नहीं है. आईसीसी इस मामले में क्या रुख अपनाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। 

यह पहल ऐसे समय में हो रही है, जब सफेद गेंद के क्रिकेट में बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे के बीच बल्ले और गेंद के संतुलन पर चर्चा तेज है. आईसीसी ने हाल में वनडे में दो नई गेंदों के नियम में बदलाव किया है, ताकि गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग में मदद मिल सके. शुभमन गिल भी टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजों को अधिक मदद देने के लिए गेंद पर लार के इस्तेमाल की अनुमति बहाल करने की मांग कर चुके हैं। 

Related Articles

Back to top button