ओबीसी हक की हुंकार: “जितनी आबादी, उतना हक” के मुद्दे पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

नई दिल्ली में ओबीसी अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दे को लेकर एकदिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में “ओबीसी हक की हुंकार” और “जितनी आबादी, उतना हक—दो तिहाई ओबीसी, दो तिहाई हक” के नारे के साथ ओबीसी समाज की भागीदारी और अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष केशव चन्द्राकार, प्रदेश उपाध्यक्ष तिलक कुमार नायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मित्रभानु साहू सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदेश उपाध्यक्ष तिलक कुमार नायक ने दिल्ली में आयोजित बैठक में सहभागिता करते हुए ओबीसी समाज के अधिकार, प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बैठक के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर ओबीसी समाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

तिलक कुमार नायक ने कहा कि ओबीसी समाज देश की बड़ी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए आबादी के अनुपात में राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में उचित प्रतिनिधित्व मिलना जरूरी है। बैठक में ओबीसी समाज को संगठित कर उनके अधिकारों की आवाज को मजबूत करने तथा “जितनी आबादी, उतना हक” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।




