शिकायत के बाद SDO पर पत्रकार को धमकाने का आरोप, पत्रकार सुरक्षा समिति ने जांच की मांग की

बरमकेला। जनपद पंचायत बरमकेला कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों की कथित अनुपस्थिति को लेकर शिकायत किए जाने के बाद पत्रकार को फोन पर दबाव और धमकी देने का मामला सामने आया है। पत्रकार देवराज दीपक ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बाद RES विभाग के SDO लक्ष्मी कुमार जांगड़े ने फोन कर शिकायत वापस लेने और CEO से माफी मांगने का दबाव बनाया। मामले में अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति छत्तीसगढ़ ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार 18 अगस्त को पत्रकार ने जनपद पंचायत कार्यालय में दोपहर करीब 12 बजे तक अधिकारी-कर्मचारियों की कथित अनुपस्थिति की तस्वीर लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मौखिक रूप से जानकारी दी थी। इसके बाद कथित फोन बातचीत को लेकर विवाद सामने आया। शिकायतकर्ता ने बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने की बात कही है।
पत्रकार सुरक्षा समिति का कहना है कि जनहित से जुड़े सवाल उठाना पत्रकार का अधिकार है। यदि शिकायत के बाद किसी पत्रकार पर दबाव बनाया गया है तो मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। समिति ने कॉल रिकॉर्डिंग की जांच कर आरोप सही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
इधर, SDO लक्ष्मी कुमार जांगड़े ने आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में निरीक्षण के लिए गए थे और एक सरपंच के परिवार के दशकर्म कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा किए गए पत्राचार में कोई विवादित टिप्पणी या बयान नहीं दिया गया है।



