सारंगढ़ बिलाईगढ़

मिनीमाता जी की तस्वीर को कचरे में फेंकने के मामले में सीईओ शिक्षा शर्मा ने दी सफाई, सफाई एवं रेनोवेशन का कार्य जारी

बरमकेला। जनपद पंचायत बरमकेला की पुरानी मनरेगा शाखा में मिनीमाता जी के छायाचित्र को कचरे में पड़े होने को लेकर प्रकाशित खबर के संबंध में जनपद पंचायत सीईओ शिक्षा शर्मा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए खबर का खंडन किया है।

सीईओ शिक्षा शर्मा ने बताया कि जनपद पंचायत परिसर में वर्तमान में साफ-सफाई एवं रेनोवेशन का कार्य चल रहा है। मिनीमाता जी के छायाचित्र को अब सम्मानपूर्वक स्थापित कर दिया गया है तथा संबंधित स्थान की साफ-सफाई भी पूर्ण कर ली गई है। अन्य कमरों में भी साफ-सफाई का कार्य लगातार जारी है।

उन्होंने कहा कि सभी सफाई कर्मचारियों को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो। यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही या इस प्रकार का कृत्य सामने आता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सीईओ ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी अनधिकृत व्यक्ति द्वारा कार्यालय में प्रवेश कर फोटो को जानबूझकर कचरे में फेंकने तथा उसकी तस्वीर लेकर सार्वजनिक करने की आशंका है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा किया गया है तो यह लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास है। मामले की विस्तृत जांच कर वास्तविकता सामने लाई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।



उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी घटना को लेकर पूरी जानकारी और वास्तविक स्थिति की पुष्टि करने के बाद ही निष्कर्ष निकाला जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button