लिखित शिकायत और वित्त मंत्री के निर्देश के बाद भी प्रशासन की चुप्पी, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम का ऐलान

सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम पंचायत नौघटा के सरपंच एवं ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति और फ्लाई ऐश वाहनों की आवाजाही को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार लिखित शिकायत करने के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से भी शिकायत की थी, जिसके बाद मंत्री ने कलेक्टर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर एवं खनिज अधिकारी को लिखित आवेदन देकर सड़क की समस्या और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि गांव का मुख्य मार्ग बरसात के दिनों में कीचड़ में तब्दील हो गया है। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और दलदल होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक इसी मार्ग से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और चारपहिया वाहन सहित रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण कभी भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं भारी फ्लाई ऐश वाहनों की आवाजाही से सड़क की स्थिति और खराब होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने अब चक्का जाम करने का निर्णय लिया है। सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर फ्लाई ऐश वाहनों समेत अन्य भारी वाहनों की आवाजाही रोकने का ऐलान किया है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
स्थिति को देखते हुए मौके पर सरिया थाना प्रभारी नंदलाल राठिया पुलिस बल के साथ ही पुष्पेंद्र राज तहसीलदार सरिया मौजूद रहे। अब देखना होगा कि ग्रामीणों के आंदोलन के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।




