कलयुगी बेटे ने मां की कर दी हत्या, मुआवजे की रकम को लेकर था विवाद

सूरजपुर में सनसनीखेज वारदात, बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट
सूरजपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। लटोरी चौकी क्षेत्र के गजाधरपुर गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पुत्र अपनी मां से पिता की मौत के बाद मिले मुआवजे की रकम मांगता था, लेकिन मां द्वारा रकम देने से इंकार किए जाने पर वह नाराज रहता था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी डिगम्बर चेरवा अपनी 50 वर्षीय मां फलेन बाई के साथ रहता था। कुछ समय पहले आरोपी के पिता की कुएं में गिरने से मौत हो गई थी, जिसके बाद परिवार को मुआवजे की राशि मिली थी। आरोपी लगातार उसी रकम की मांग कर रहा था।
घटना वाले दिन डिगम्बर ने अपनी मां से खाना मांगा। मां ने उसे खुद खाना निकालकर खाने की बात कही। इसी बात से गुस्साए बेटे ने घर में रखे लोढ़ा (मसाला पीसने का पत्थर) से मां पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल फलेन बाई को इलाज के लिए अंबिकापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



