बिलासपुर

मांगों को लेकर वन कर्मचारी संघ का चरणबद्ध आंदोलन, काली पट्टी बांधकर करेंगे विरोध

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के संभाग बिलासपुर द्वारा लंबित मांगों के निराकरण नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई है। संघ ने मुख्य वन संरक्षक, बिलासपुर वृत्त को पत्र जारी कर बताया है कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पूर्व में भी आवेदन एवं ज्ञापन सौंपे गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

संघ के अध्यक्ष प्रीतम कुमार पुराइन ने बताया कि कार्यालयीन पत्र क्रमांक 13, दिनांक 05 मई 2026 के माध्यम से समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी। मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण अब कर्मचारियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। आंदोलन चार चरणों में किया जाएगा।

पहले चरण में 13 मई 2026 को सभी कर्मचारी ड्यूटी के दौरान काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। दूसरे चरण में 18 मई 2026 को भोजन अवकाश के समय मुख्य वन संरक्षक कार्यालय, वृत्त बिलासपुर के सामने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया जाएगा। तीसरे चरण में 25 मई 2026 को एकदिवसीय अवकाश लेकर पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर चौथे चरण में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

संघ ने स्पष्ट कहा है कि यदि शासन-प्रशासन जल्द समाधान नहीं करता है तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button