
बरमकेला।
विकासखंड बरमकेला में सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन द्वारा VSK ऐप को स्थगित करने की मांग को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन फेडरेशन के अध्यक्ष पवन पटेल,कार्यकारी अध्यक्ष नंदकिशोर पटेल के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें शिक्षकों ने ऐप से जुड़ी व्यावहारिक, तकनीकी एवं गोपनीयता संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

ज्ञापन में बताया गया कि VSK ऐप के माध्यम से शिक्षकों की व्यक्तिगत जानकारी, मोबाइल डेटा और लोकेशन से संबंधित सूचनाएं ली जा रही हैं, जिससे डेटा सुरक्षा और निजता को लेकर गंभीर आशंकाएं उत्पन्न हो रही हैं। शिक्षकों का कहना है कि किसी स्पष्ट दिशा-निर्देश और वैधानिक जिम्मेदारी तय किए बिना इस प्रकार का ऐप अनिवार्य करना उचित नहीं है।
फेडरेशन ने यह भी अवगत कराया कि बरमकेला विकासखंड सहित जिले के कई दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी की भारी समस्या है। ऐसे में नियमित रूप से ऐप का उपयोग करना शिक्षकों के लिए कठिन हो रहा है। कई शिक्षकों के पास स्मार्टफोन की उपलब्धता नहीं है या वे तकनीकी रूप से ऐप संचालन में सक्षम नहीं हैं, जिससे अनावश्यक दबाव की स्थिति बन रही है।
शिक्षक नेता नंदकिशोर पटेल ने कहा कि शिक्षकों का मूल कार्य अध्यापन है, न कि तकनीकी औपचारिकताओं में उलझना। जब तक डेटा सुरक्षा, स्पष्ट दिशानिर्देश और विभागीय उत्तरदायित्व तय नहीं किया जाता, तब तक VSK ऐप को अनिवार्य न किया जाए।
फेडरेशन ने मांग की कि VSK ऐप के उपयोग को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाए और शिक्षकों की समस्याओं का समाधान कर उचित निर्णय लिया जाए। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर उच्च अधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया।



