सृजन मल्टीपरपज स्कूल बरमकेला में वार्षिक कार्य योजना को लेकर पालक-शिक्षक बैठक सम्पन्न
सारंगढ़/बरमकेला स्थित सृजन मल्टीपरपज स्कूल में वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पालक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजन-अर्चन के साथ की गई, जिसमें स्कूल के प्राचार्य रुपेश पंडा एवं डायरेक्टर विश्वभर दयाल नायक की उपस्थिति रही। दोनों ने पालकों की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्राचार्य श्री पंडा ने अपने उद्बोधन में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है। उन्होंने पालकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा के प्रति एकजुट होकर जिम्मेदारी निभाएं। बच्चों की पढ़ाई में सुधार के लिए घर और स्कूल दोनों का समन्वय आवश्यक है।

इस अवसर पर विद्यालय द्वारा तैयार की गई वार्षिक कार्य योजना और शैक्षणिक कैलेंडर की जानकारी दी गई। इसमें वर्षभर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों, परीक्षाओं, उत्सवों एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

डायरेक्टर विश्वभर दयाल नायक ने बताया कि विद्यालय की स्थापना समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचाने के उद्देश्य से रामकृष्ण नायक एवं अन्य सामाजिक सेवकों द्वारा की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में नशा मुक्ति, नैतिक शिक्षा और डिजिटल शिक्षण व्यवस्था को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि स्कूल को क्षेत्र का नंबर वन शैक्षणिक संस्थान बनाने हेतु अनुभवी शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। पालकों से आग्रह किया गया कि वे महीने में एक बार बैठक में शामिल होकर बच्चों की प्रगति की जानकारी लें और उनके समग्र विकास में भागीदार बनें।
इस बैठक में बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यालय की पहल की सराहना की। सभी ने बच्चों के उज्जवल भविष्य हेतु पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।



