शिक्षिका ओमकुमारी पटेल को मिला राज्यपाल शिक्षक सम्मान

राज्यपाल जी के कर-कमलों से हुआ सम्मान, मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में बढ़ा रायगढ़ जिले का गौरव
रायगढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को श्रीमती ओमकुमारी पटेल, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला सेमरा, संकुल केंद्र जतरी, विकासखंड पुसौर, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों, नवाचारों एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।
उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान माननीय राज्यपाल जी के कर-कमलों से प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में माननीय मुख्यमंत्री जी एवं माननीय शिक्षा मंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। राज्यपाल जी के हाथों सम्मान प्राप्त करना श्रीमती ओमकुमारी पटेल के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं भावुक क्षण रहा।
श्रीमती पटेल ने अपने शिक्षकीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए बच्चों को सरल, सहज एवं आनंददायी तरीके से शिक्षा से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधि आधारित शिक्षण, नवाचार एवं शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) का प्रभावी उपयोग किया। उन्होंने बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ विद्यालय एवं समुदाय को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया।
उनके शिक्षा के प्रति समर्पण, निरंतर प्रयास एवं नवाचारपूर्ण कार्यों को देखते हुए उनका चयन राज्यपाल शिक्षक सम्मान के लिए किया गया। यह सम्मान श्रीमती ओमकुमारी पटेल के साथ-साथ शासकीय प्राथमिक शाला सेमरा, संकुल जतरी, विकासखंड पुसौर एवं पूरे रायगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय है।
उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, सहकर्मियों, परिजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।



