छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

सारंगढ़ नगर पालिका चुनाव:  नगर पालिका चुनाव: ठेकेदारों के कथित सिंडिकेट का ‘सलवा जुडूम’ क्या इस बार होगा फ्लॉप?

लोकेशन सारंगढ़ बिलाईगढ़
संवाददाता कबीर दास मानिकपुरी

भाजपा-कांग्रेस के बीच बदलती निष्ठा, टिकट से लेकर चुनावी फाइनेंस तक दखल का दावा; शहर सरकार पर ठेकेदारों के प्रभाव को लेकर उठ रहे सवाल

सारंगढ़। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर सारंगढ़ की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के साथ बसपा व निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन शहर की राजनीतिक चर्चाओं में एक कथित ठेकेदार सिंडिकेट का नाम फिर सुर्खियों में है। आरोप है कि बीते दो चुनावों में कुछ प्रभावशाली ठेकेदारों ने आर्थिक सहयोग, टिकट वितरण की लॉबिंग और चुनावी मैनेजमेंट के जरिए शहर सरकार के गठन में अपनी भूमिका निभाई। अब सवाल उठ रहा है कि क्या इस बार भी यह कथित सिंडिकेट अपनी रणनीति में सफल होगा या जिला मुख्यालय बनने के बाद राजनीतिक समीकरण बदल जाएंगे?

सारंगढ़ नगर पालिका का इतिहास 1919 से जुड़ा है। वर्ष 1993 में इसे नगर पंचायत बनाया गया, जबकि 2016 में पुनः नगर पालिका का दर्जा मिला। इसके बाद हुए दो चुनावों में एक बार भाजपा और दूसरी बार कांग्रेस ने सत्ता हासिल की। राजनीतिक चर्चाओं और आरोपों के मुताबिक, दोनों चुनावों में कुछ ठेकेदारों की भूमिका पर्दे के पीछे प्रभावी रही।

बताया जा रहा है कि इस कथित समूह की राजनीतिक निष्ठा सत्ता के समीकरणों के साथ बदलती रही। सरकार बदलने के बाद कई लोगों के राजनीतिक झुकाव में बदलाव की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं। इस बार भी टिकट वितरण से लेकर चुनावी खर्च और प्रत्याशियों के समर्थन तक अंदरखाने समीकरण बनाए जाने की बात कही जा रही है।

### क्या ठेकेदारों की पसंद से तय होगा पालिका अध्यक्ष?

नगर पालिका के 15 वार्डों में प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी कथित लॉबिंग की चर्चाएं हैं। आरोप है कि कमजोर प्रत्याशियों को मैदान में उतारने और पसंदीदा चेहरों को जीताने की रणनीति बनाई जाती है। चुनाव के बाद निर्माण कार्यों, टेंडर और ठेके के बंटवारे को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।

हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शहर की राजनीति में ठेकेदारों के कथित प्रभाव को लेकर चर्चा तेज है। अब देखना होगा कि भाजपा और कांग्रेस के जिला व प्रदेश संगठन इस बार टिकट वितरण में कितनी स्वतंत्रता दिखाते हैं और सारंगढ़ की जनता विकास, पारदर्शिता तथा जनहित को प्राथमिकता देकर किसे शहर सरकार की जिम्मेदारी सौंपती है।

Related Articles

Back to top button