*जल जीवन मिशन से बदली कोरापानी की तस्वीर, घर-घर पहुंचा शुद्ध पेयजल*

*कुएं, हैंडपंप और नदी पर निर्भर ग्रामीणों को मिली राहत, नल से पानी मिलने पर चेहरों पर आई खुशी*
*20 हजार लीटर क्षमता की पानी टंकी और 24 घरेलू नल कनेक्शनों से गांव में उपलब्ध हुआ स्वच्छ पेयजल*
*मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जल जीवन मिशन से बदली ग्रामीणों की जिंदगी, महिलाओं को मिली बड़ी राहत*
*सेवा संकल्प अभियान के तहत जल अर्पण दिवस पर ग्राम पंचायत को सौंपी गई नलजल योजना*
सारंगढ़–बिलाईगढ़,। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में खुशहाली और सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। कभी पीने के पानी के लिए कुएं, हैंडपंप और नदी पर निर्भर रहने वाले ग्रामीणों के घरों तक अब नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत परसदा छोटे के आश्रित ग्राम कोरापानी में देखने को मिल रही है। यहां जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान कर उनके दैनिक जीवन को आसान बना दिया है।
*पानी के लिए रोजाना करनी पड़ती थी मशक्कत*
ग्राम कोरापानी में लगभग 110 की आबादी निवास करती है, जिसमें कुल 25 परिवार शामिल हैं। जल जीवन मिशन के पहले यहां के ग्रामीणों को पेयजल के लिए कुएं, हैंडपंप और नदी पर निर्भर रहना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं को प्रतिदिन पानी लाने के लिए काफी समय और मेहनत करनी पड़ती थी। गर्मी के दिनों में भूजल स्तर नीचे चले जाने से हैंडपंपों में पानी की उपलब्धता कम हो जाती थी, जिससे ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ जाती थी। वहीं, बरसात के मौसम में दूषित पानी के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।
*जल जीवन मिशन से गांव में आया बड़ा बदलाव*
ग्रामीणों की इस समस्या का समाधान जल जीवन मिशन के माध्यम से हुआ। गांव में एकल ग्राम सोलर नलजल योजना के अंतर्गत 20 हजार लीटर क्षमता वाली पानी टंकी का निर्माण किया गया है। साथ ही पाइपलाइन विस्तार का कार्य पूरा कर 24 क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे ग्रामीणों को अब अपने घरों में ही स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलने लगी है। गांव के आंगनबाड़ी केंद्र और शासकीय स्कूल में भी नल कनेक्शन की व्यवस्था की गई है, जिससे बच्चों को भी सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
*महिलाओं को मिली राहत, अब पानी लाने में नहीं बीतता समय*
गांव में नल से पानी की आपूर्ति शुरू होने के बाद ग्रामीणों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। विशेष रूप से महिलाओं को दूर जाकर पानी लाने की परेशानी से बड़ी राहत मिली है। पानी भरने में लगने वाले समय की बचत होने से वे घरेलू कार्यों और अन्य गतिविधियों के लिए अधिक समय निकाल पा रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, स्वच्छ पेयजल मिलने से पहले की तुलना में जलजनित बीमारियों में भी कमी आई है। गांव में पेयजल की सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों में खुशी और संतोष का माहौल है।
*सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत को सौंपी गई नलजल योजना*
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम कोरापानी में जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचगण, सचिव, जलवाहिनी के सदस्यों और ग्रामीणों की उपस्थिति में जल अर्पण प्रमाणपत्र प्रदान कर नलजल योजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग, जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की समझाइश भी दी गई।
*ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का जताया आभार*
ग्राम कोरापानी के ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन उनके लिए बड़ी सौगात साबित हुआ है। पहले पानी की व्यवस्था करना रोजमर्रा की चुनौती थी, लेकिन अब घर में नल से पानी मिलने के कारण जीवन काफी आसान हो गया है। ग्रामीणों ने इस महत्वपूर्ण सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
जल जीवन मिशन से ग्राम कोरापानी में आया यह बदलाव दर्शाता है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं काj विस्तार करने के साथ-साथ लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कभी पेयजल संकट से जूझने वाला कोरापानी आज स्वच्छ पेयजल सुविधा के विस्तार की एक प्रेरणादायक मिसाल बन रहा है।



