सरिया पुलिस की कार्रवाई: 3.30 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

**सरिया।** अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए सरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.30 किलोग्राम अवैध गांजा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा (भापुसे) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल के निर्देश तथा उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में अवैध शराब और मादक पदार्थों के परिवहन एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 10 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर सरिया थाना पुलिस ने थाना के सामने मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर ओडिशा की ओर से आ रही काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AY 6110 को रोककर तलाशी ली। मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति सवार थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे में रखे पिट्ठू बैग के अंदर एक पैकेट में 3.030 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषिकेश वैष्णव (55 वर्ष), पिता मुरलीधर वैष्णव, तथा बुट कुमार यादव (38 वर्ष), पिता जीतराम यादव, दोनों निवासी कोतरारोड सोनिया नगर, वार्ड क्रमांक 40, थाना कोतवाली, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस ने गांजा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एस.व्ही. साहू, सहायक उपनिरीक्षक कमल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, भोजराम नट, अनिल साहू, आरक्षक दिलीप स्नेही, लखेश्वर पुरसेट तथा एएनटीएफ टीम सारंगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



