सारंगढ़ बिलाईगढ़

सामाजिक भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग, पनिका समाज ने नगर पंचायत अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

बरमकेला। आदर्श पनिका समाज, ब्लॉक बरमकेला द्वारा समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए सामाजिक भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटित किए जाने की मांग की गई है। इस संबंध में समाज के पदाधिकारियों ने नगर पंचायत बरमकेला अध्यक्ष  श्रीमती सत्यभामा मनोहर नायक  को ज्ञापन सौंपकर लगभग 20 डिसमिल शासकीय भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है।

अध्यक्ष रामानुज महंत ने  बताया गया कि बरमकेला ब्लॉक के अंतर्गत लगभग 56 गांवों में पनिका समाज के परिवार निवासरत हैं। समाज द्वारा समय-समय पर सामाजिक सम्मेलन, सामुदायिक बैठक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, युवक-युवती परिचय सम्मेलन, प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान तथा विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। वर्तमान में समाज के पास स्वयं का सामाजिक भवन नहीं होने के कारण कार्यक्रमों के लिए किराए के भवन अथवा अस्थायी स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है।

समाज पदाधिकारियों ने कहा कि स्थायी सामाजिक भवन उपलब्ध होने से समाज के लोगों को कार्यक्रम आयोजित करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही भवन का उपयोग सांस्कृतिक संरक्षण, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं जनहितकारी गतिविधियों के लिए भी किया जा सकेगा।

नगर पंचायत के अधीन उपलब्ध उपयुक्त शासकीय भूमि में से नियमानुसार करीब 20 डिसमिल भूमि आदर्श पनिका समाज को आवंटित किए जाने की मांग की गई है। समाज ने जनप्रतिनिधियों एवं नगर पंचायत प्रशासन से उनकी आवश्यकता और समस्या को सामाजिक दृष्टिकोण से देखते हुए भूमि आवंटन की प्रक्रिया में सहयोग करने का आग्रह किया है। ज्ञापन पर समाज के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में समाजजनों के हस्ताक्षर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button