छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

भाजपा सरकार में सड़क निर्माण के लिए कार्यकर्ताओं को बनाना पड़ रहा वीडियो,क्या भाजपा अब शव यात्रा निकलेगी: किशोर पटेल

बरमकेला। कांग्रेस कमेटी बरमकेला के अध्यक्ष किशोर पटेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने के लगभग ढाई वर्ष बाद भी क्षेत्र की सड़कों की स्थिति बदहाल बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विडंबना यह है कि अब स्वयं भाजपा के कार्यकर्ताओं को सड़क निर्माण की मांग के लिए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करना पड़ रहा है।

किशोर पटेल ने कहा कि बरमकेला ब्लॉक के लेंध्रा मुख्य मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ता संतोष पटेल ने सड़क की जर्जर स्थिति का वीडियो बनाकर सार्वजनिक किया है। वीडियो में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरा हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे पूरा मार्ग तालाब जैसा नजर आ रहा है। बारिश के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, किसानों और वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि यदि सत्ता पक्ष के कार्यकर्ताओं को ही अपनी सरकार और विभागों को जगाने के लिए इस प्रकार वीडियो बनाना पड़ रहा है, तो यह शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इससे स्पष्ट होता है कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार और संबंधित विभाग कितने गंभीर हैं।

किशोर पटेल ने कांग्रेस शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भाजपा नेताओं ने सड़क निर्माण और अन्य समस्याओं को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के खिलाफ प्रदर्शन किया था और विभाग की प्रतीकात्मक शवयात्रा तक निकाली थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अब जबकि भाजपा स्वयं सत्ता में है और उसके कार्यकर्ता ही सड़क की बदहाली उजागर कर रहे हैं, क्या वे उसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन करेंगे?

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। यदि समय रहते लेंध्रा मुख्य मार्ग का निर्माण और मरम्मत नहीं कराई गई, तो आम जनता की परेशानियां और बढ़ेंगी।

कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पटेल ने शासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके और क्षेत्रवासियों को राहत मिले।

Related Articles

Back to top button