छत्तीसगढ़देश दुनियासारंगढ़ बिलाईगढ़

राष्ट्रीय खेलों में जुगेंद्र प्रसाद साहू का शानदार प्रदर्शन, तीन स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला चांटीपाली के प्रधान पाठक जुगेंद्र प्रसाद साहू ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित 14वें राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। संयुक्त भारतीय खेल संघ द्वारा 5 से 7 जून तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से लगभग 3500 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

छत्तीसगढ़ राज्य से शामिल 20 खिलाड़ियों में जुगेंद्र प्रसाद साहू ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी आयु वर्ग की 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि से शिक्षा विभाग, खेल प्रेमियों तथा पूरे बरमकेला क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

जुगेंद्र प्रसाद साहू इससे पहले भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। उन्होंने थाईलैंड में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में 100 और 200 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। इसके अलावा वे ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज एथलेटिक्स प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा योगासन स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में चंडीगढ़ में कांस्य पदक भी प्राप्त कर चुके हैं।

खेलों के साथ-साथ वे समाज और युवाओं के मार्गदर्शन में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सलियाटोली खेल मैदान में वे प्रतिदिन युवाओं को पुलिस और सेना भर्ती की शारीरिक तैयारी कराते हैं तथा उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हैं। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान कूडो सेल्फ डिफेंस मार्शल आर्ट्स समर कैंप में विशेष सहयोग के लिए उन्हें कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। उनकी इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button