
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धूमाभांठा में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। जनपद पंचायत के सीईओ अजय कुमार पटेल के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव द्वारा पंचायत भवन के सामने मेन रोड किनारे स्थित नाली की साफ-सफाई कराई गई। लंबे समय से नाली में जमा गंदगी के कारण राहगीरों एवं ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए यह कार्यवाही की गई।
स्वच्छता अभियान के दौरान नाली में जमा कचरा, मिट्टी एवं झाड़ियों को हटाया गया, जिससे पानी का बहाव सुचारु रूप से शुरू हो सका। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और कचरा नालियों में न डालें। इस पहल से गांव में साफ-सफाई का बेहतर वातावरण देखने को मिला और ग्रामीणों ने भी पंचायत की इस कार्यवाही की सराहना की।
मौके पर सरपंच प्रमोद कुमार भट्ट एवं सचिव मंगल सहित पंचायत के कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि गांव में नियमित रूप से साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा ताकि लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके। जनपद पंचायत द्वारा भी स्वच्छता को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी ग्राम पंचायतों को साफ-सफाई के लिए आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।




